भीमताल में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर मंत्री राम सिंह कैड़ा सख्त, अधिकारियों को दी दो टूक चेतावनी; बोले—जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

वन्यजीवों के बढ़ते खतरे पर वन विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश, मानव और पशुधन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता; लंबित सड़क निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के आदेश

भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल में विकास कार्यों को गति देने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों के साथ सख्त रुख अपनाया। विकास भवन सभागार भीमताल में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और वन विभाग के अधिकारियों से विभागीय कार्यों की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मंत्री कैड़ा ने विशेष रूप से वन्यजीवों के बढ़ते खतरे पर चिंता जताते हुए वन विभाग को मानव एवं पशुधन की सुरक्षा के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई इलाकों में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियां ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय हैं। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि वन्यजीवों के हमलों से होने वाली जनहानि और पशुहानि को रोका जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की टीमें सक्रिय रहें और ग्रामीणों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। ग्रामीणों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।

सड़क निर्माण में देरी पर PWD को निर्देश

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़कों और अन्य विकास कार्यों की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर किया जाए और लंबे समय से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और नियमित निगरानी रखने को कहा।

अधिकारियों को दो टूक—जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिले

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि सरकार की विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक समय पर पहुंचना चाहिए। जनहित से जुड़े कार्यों को अनावश्यक प्रक्रियाओं और लापरवाही के चलते लंबित न रखा जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की प्रगति में तेजी लाना, जनता की समस्याओं का समाधान करना और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा कर उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में विकास योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखाई दे सके।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page