SSP नैनीताल के निर्देश पर SP हल्द्वानी ने बैंक्वेट हॉल, डीजे एवं बैंड संचालकों के साथ की गोष्ठी
विवाह समारोहों में सुरक्षा एवं सुचारू यातायात व्यवस्था हेतु जारी किए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश।

आगामी विवाह समारोहों के दृष्टिगत कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के उद्देश्य से डॉ. मंजूनाथ टी.सी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशानुसार श्री हरबंस सिंह, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी की अध्यक्षता में आज दिनांक 14.11.2026 को मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में कोतवाली हल्द्वानी, बनभूलपुरा, मुखानी एवं काठगोदाम क्षेत्र के समस्त बैंक्वेट हॉल प्रबंधकों, डीजे सिस्टम संचालकों एवं बैंड बाजा संचालकों के साथ एक गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी में आगामी विवाह समारोहों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित संचालकों को निम्न दिशा-निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश—
1. शहर में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सभी बारातें बैंक्वेट हॉल से 100 मीटर की दूरी से चढ़ाने के निर्देश दिए गए।
2. रात्रि 10:00 बजे के बाद डीजे सिस्टम एवं बैंड बजाना पूर्णतः प्रतिबंधित* रहेगा।
3. सभी बैंक्वेट हॉल प्रबंधकों को बैंक्वेट हॉल के अंदर एवं परिसर के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने के निर्देश दिए गए।
4. बैंक्वेट हॉल प्रबंधक अपने-अपने बैंक्वेट हॉल में *वालंटियर नियुक्त* करना सुनिश्चित करेंगे।
5. बारात की बुकिंग के संबंध में संबंधित अधिकारी से आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
6. बैंक्वेट हॉल प्रबंधक बारात की बुकिंग के संबंध में समय से संबंधित थाना प्रभारी को सूचित करेंगे।
7. कोई भी बाराती असलाह लेकर बैंक्वेट हॉल में प्रवेश नहीं करेगा।
8. बैंड-बाजा संचालक छोटी ट्रॉली के साथ सड़क के किनारे चलेंगे, जिससे यातायात प्रभावित न हो।
9. समस्त प्रभारी निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में बारात की सूचना पर लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखेंगे, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
10. बैंक्वेट हॉल स्वामी वर एवं वधू पक्ष के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें पूर्व में अवगत कराएंगे कि *बारात निर्धारित समय पर बैंक्वेट हॉल में प्रवेश करेगी तथा अनावश्यक रूप से मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं* करेगी।
11. बैंक्वेट हॉल स्वामी बारात में आने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। किसी भी वाहन को मुख्य सड़क पर पार्क नहीं किया जाएगा।
12. विवाह समारोहों के लिए बुकिंग में लगाए गए कैटरर्स, बैंड एवं डीजे सिस्टम संचालकों का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा।
13. सड़क के बीचों-बीच अथवा भीड़ के बिल्कुल नजदीक खतरनाक आतिशबाजी नहीं की जाएगी, जिससे जनसुरक्षा अथवा आगजनी का खतरा उत्पन्न हो।
गोष्ठी में श्री विजय मेहता प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी, श्री सुशील जोशी प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मुखानी, श्री जसवीर सिंह चौहान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम, श्री दिनेश फर्त्याल प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बनभूलपुरा, श्री भूपेश पाण्डेय निरीक्षक यातायात हल्द्वानी, उ0नि0 प्रभारी श्री जगदीश राय प्रभारी सीपीयू, उ0नि0 श्री दीपक कार्की चौकी प्रभारी मंगल पड़ाव, उ0नि0 श्री संजीत राठौड़ चौकी प्रभारी हीरानगर* एवं बैंक्वेट हॉल प्रबंधक, डीजे सिस्टम संचालक एवं बैंड बाजा संचालक उपस्थित रहे।







