गैस संकट पर युवा कांग्रेस का हल्ला, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

हल्द्वानी, 13 अप्रैल शहर में गैस आपूर्ति की अव्यवस्था और बढ़ती कीमतों के विरोध में युवा कांग्रेस ने आवाज बुलंद कर दी है। हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के नवनियुक्त अध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार के नेतृत्व में सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जनसमस्याओं के समाधान की मांग की।
ज्ञापन में शहर में रसोई गैस की अनियमित आपूर्ति पर गहरी चिंता जताई गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि गैस की किल्लत के चलते आम जनता को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, लगातार बढ़ती गैस सिलेंडर की कीमतों ने छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी संचालकों की कमर तोड़ दी है, जिससे उनका आर्थिक संकट और गहरा गया है।
युवा कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक गैस संकट पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता, तब तक प्रभावित छोटे व्यापारियों और वेंडर्स को बेरोजगारी भत्ता दिया जाए, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। इसके अलावा विवाह समारोहों में वर्तमान में दिए जा रहे दो गैस सिलेंडरों की संख्या बढ़ाने की भी मांग उठाई गई है, जिससे सामाजिक आयोजनों में आ रही दिक्कतों को दूर किया जा सके।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से सुचारू और नियमित किया जाए। साथ ही कालाबाजारी पर सख्ती बरतते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
इस दौरान महासचिव मोहम्मद अनस, प्रदेश महासचिव स्वाति जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष जूही चौपाल, ब्लॉक अध्यक्ष नदीम सैफी, ब्लॉक अध्यक्ष उमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अर्जुन टम्टा और पूर्व प्रदेश महासचिव आसिफ अली समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से जनहित में शीघ्र ठोस कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।







