हल्द्वानी में कांग्रेस का बढ़ा युवा कुनबा, विधायक सुमित हृदयेश ने दर्जनों युवाओं को दिलाई सदस्यता

हल्द्वानी, 11 जून। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के आवास पर गुरुवार को क्षेत्र के दर्जनों युवाओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। कमल बोरा के नेतृत्व में पहुंचे युवाओं को विधायक ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई और पार्टी परिवार में उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों, सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता और लोकतांत्रिक मूल्यों के कारण युवाओं का विश्वास लगातार पार्टी के प्रति बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश और समाज के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है तथा युवा शक्ति किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने नवप्रवेशी युवाओं से जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। विधायक ने विश्वास जताया कि कांग्रेस परिवार में शामिल हुए युवा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ जनता की समस्याओं के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने कांग्रेस की नीतियों और सिद्धांतों में आस्था व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया। विधायक ने सभी नवसदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रियांशु टम्टा, आलोक कन्नौजिया, आयुआश आर्य, अदनान अंसारी, मयंक कुमार, रोहित थापा सहित दर्जनों युवा शामिल रहे।







