कलाढूंगी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के धरने को मिला उत्तराखंड क्रांति दल का समर्थन

कलाढूंगी। ( नैनीताल ) दीनदयाल पार्क स्थित धरना स्थल पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के चल रहे आंदोलन को शनिवार को उत्तराखंड क्रांति दल का समर्थन मिला। कोटाबाग ब्लॉक की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं 16 अप्रैल से मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर धरने पर बैठी हुई हैं।
शनिवार को उत्तराखंड क्रांति दल की कालाढूंगी विधानसभा संगठन की ओर से केंद्रीय प्रवक्ता अशोक सिंह बोहरा और विधानसभा प्रभारी रवि बोरा धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी मांगों को जायज बताया और पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
इस दौरान केंद्रीय प्रवक्ता अशोक सिंह बोहरा ने संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी नारी वंदन अधिनियम की बात करती है, लेकिन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार आंगनवाड़ी की इन बहनों को नारी नहीं मानती और क्या उनका दुख सरकार को दिखाई नहीं देता।
विधानसभा प्रभारी रवि बोरा ने भी कार्यकर्ताओं की मांगों को उचित ठहराते हुए कहा कि सरकार को जल्द से जल्द मानदेय बढ़ाने पर निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं और उन्होंने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page