यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था को मिलेगा ‘हाईटेक’ बूस्ट

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. की पहल पर पुलिस मुख्यालय ने उपलब्ध कराए अत्याधुनिक ड्रोन्स

जनपद में आगामी पर्यटन सीजन, सुप्रसिद्ध कैंची धाम मेला, त्योहारों और कानून व्यवस्था के दृष्टिगत यातायात को सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए नैनीताल पुलिस ने तकनीक का एक बड़ा कदम उठाया है।

डॉ. मंजुनाथ टी.सी. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल द्वारा डिजिटल गैजेट्स और ड्रोन्स की प्रभाविता को बढ़ाने व सतत निगरानी हेतु उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय से अत्याधुनिक ड्रोन्स (Advanced Drones) की मांग की गई थी। इस अनुरोध पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मुख्यालय द्वारा जनपद को एडवांस्ड ड्रोन्स उपलब्ध करा दिए गए हैं।

आज श्री रेवाधर मठपाल पुलिस अधीक्षक (संचार) जनपद नैनीताल द्वारा इन अत्याधुनिक ड्रोन्स का विधिवत रूप से परीक्षण (डेमो) लिया गया, जो पूरी तरह सफल रहा।

✴️ड्रोन की मुख्य विशेषताएं और क्षमता:

▫️एरियल डिस्टेंस (रेंज): यह ड्रोन नियंत्रण केंद्र से 2 किलोमीटर की हवाई दूरी तक उड़ान भरकर सटीक विजुअल्स भेजने में सक्षम है।

▫️फ्लाइंग टाइम: एक बार में लगातार 45 मिनट तक हवा में रहकर यह चप्पे-चप्पे पर नजर रख सकता है।

👉इन प्रमुख मोर्चों पर होगा इस्तेमाल:
“इन एडवांस्ड ड्रोन्स का प्राथमिक उद्देश्य मानवीय पहुंच से दूर या अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में त्वरित निगरानी स्थापित करना है।”

▫️ट्रैफिक कंजेशन से मुक्ति: यात्रा सीजन के दौरान जिन दुर्गम या संकरे मोड़ों पर भारी ट्रैफिक जाम लगता है और तत्काल पुलिस बल मौजूद नहीं होता, वहां इन ड्रोन्स के जरिए तुरंत जाम के कारणों का पता लगाया जाएगा।

▫️त्वरित पुलिस बल की तैनाती: ड्रोन से मिलने वाले लाइव इनपुट्स के आधार पर आवश्यकतानुसार तुरंत पुलिस बल को मौके पर भेजकर ट्रैफिक खुलवाया जाएगा।

▫️मेला और कानून व्यवस्था ड्यूटी: आगामी कैंची मेला, स्थानीय त्योहारों, जुलूसों और प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने में यह मददगार साबित होंगे।

ड्रोन डेमो(परीक्षण) के दौरान श्री राजकुमार बिष्ट निरीक्षक पुलिस दूर संचार नैनीताल, श्री हरकेश सिंह प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल समेत पुलिस दूर संचार की टेक्निकल टीम भी मौजूद रहे।

नैनीताल पुलिस आधुनिक तकनीक के समन्वय से स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को एक सुरक्षित, जाम-मुक्त और सुगम वातावरण देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page