7 घंटे में चोरी का खुलासा: चोरगलिया पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, दो शातिर गिरफ्तार

नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के अनुपालन में जनपद में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चोरगलिया पुलिस ने महज 7 घंटे के भीतर चोरी की घटना का सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है, साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर दिया गया है।
बताया गया कि 13 अप्रैल 2026 को वादी बलजीत सिंह निवासी देवपुर सनवाल, थाना चोरगलिया ने अपने भाई के घर में 12 अप्रैल की रात हुई चोरी के संबंध में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल हरकत में आई।
एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पतारसी-सुरागरसी शुरू की। पुलिस की सक्रियता रंग लाई और चोरगलिया क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में
करन (26) पुत्र मदन लाल और संजय बिष्ट (25) पुत्र प्रताप बिष्ट, दोनों निवासी बागजाला स्टेडियम के पास, काठगोदाम शामिल हैं।
बरामद सामान में दो गीजर (वी-गार्ड व खैतान कंपनी), एक पानी की मोटर (किरलोस्कर), एक छत का पंखा (क्रॉम्पटन), एक हरे रंग का बैग जिसमें 17 जोड़ी बिना सिले कपड़े तथा एक स्कूटी (UK04-AS-3465) शामिल है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, स्कूटी के वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर उसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। वहीं अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पूछताछ में पता चला कि दोनों अभियुक्त पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुके हैं। करन के खिलाफ काठगोदाम थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है, जबकि संजय बिष्ट पर चोरी और माल बरामदगी से संबंधित धाराओं में पूर्व में कार्रवाई हो चुकी है।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक निधि शर्मा, हेड कांस्टेबल चन्द्रशेखर और कांस्टेबल संदीप सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।






