चौकी प्रभारी शंकर नयाल की सख्ती रंग लाई: बेरीपड़ाव में 68 पाउच कच्ची शराब संग युवक गिरफ्तार, नशा तस्करों में दहशत

हल्दुचौड़ जनपद नैनीताल। क्षेत्र में अवैध नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत हल्दूचौड़ चौकी पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। चौकी प्रभारी शंकर नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेरीपड़ाव क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को 68 पाउच कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
मंगलवार देर रात चौकी प्रभारी शंकर नयाल के नेतृत्व में हल्दूचौड़ और बेरीपड़ाव क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बेरीपड़ाव स्थित एक ट्यूबवेल के पास एक संदिग्ध युवक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही युवक के हावभाव संदिग्ध लगे, जिस पर उसे रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 68 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज सिंह उर्फ ढडृआ पुत्र किशोर सिंह निवासी इन्द्रानगर प्रथम, हाटाग्राम बिन्दुखत्ता बताया। पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में कांस्टेबल गुरमेज सिंह और गणेश गिरी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
चौकी प्रभारी शंकर नयाल ने बताया कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने दोहराया कि किसी भी कीमत पर ऐसे अवैध धंधों को पनपने नहीं दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी चौकी प्रभारी शंकर नयाल की इस सख्त कार्रवाई की सराहना की है। लगातार हो रही कार्यवाही से नशा कारोबारियों में डर का माहौल है और पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होती नजर आ रही है।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page