शक्ति संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन


भीमताल, नैनीताल | दिनांक: 30 जुलाई 2026 मा0 डॉ हरीश बिष्ट ब्लॉक प्रमुख भीमताल की अध्यक्षता व विशिष्ट अतिथि श्री विपिन जंतवाल जिला पंचायत सदस्य नैनीताल की उपस्थिति में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, नैनीताल के अंतर्गत बाल विकास परियोजना भीमताल द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत किशोरियों एवं बेटियों के साथ “शक्ति संवाद” संवेदीकरण कार्यशाला का एच0 डी0 डिग्री कॉलेज भीमताल में सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, लैंगिक समानता, साइबर सुरक्षा, बाल विवाह निषेध तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित कानूनों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में विशेषज्ञों प्रो0 शिल्पी बिष्ट, डॉ नीतू, गीतेश त्रिपाठी वरिष्ठ पत्रकार, मोनिका नयाल राष्ट्रीय स्तर कबड्डी, सब इंस्पेक्टर अंजला, संगीता टाकुली अधिवक्ता वन स्टॉप सेंटर नैनीताल द्वारा संवादात्मक शैली में जानकारी दी गई तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।साथ ही उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ प्रियंका गडिया जिला सेवा योजन अधिकारी नैनीताल व कैलाश सम्मल सहायक प्रबन्धक उद्योग विभाग द्वारा किशोरियों को आत्मविश्वास विकसित करने, उच्च शिक्षा प्राप्त करने, स्टार्ट अप योजना, उद्यमिता आत्मनिर्भर बनने तथा जीवन में सकारात्मक निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर निदेशक आशीष बवाना sos, प्रधानाचार्य मुक्ता एच0 डी0 डिग्री कॉलेज डॉ रेनू मर्तोलिया बाल विकास परियोजना अधिकारी भीमताल, सुपरवाइजर कविता, हेमा मासीवल, हेमा त्रिपाठी, रीना यादव , आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियाँ, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने बालिकाओं के सर्वांगीण विकास हेतु परिवार एवं समाज की सकारात्मक भूमिका पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने तथा बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव एवं हिंसा के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।








