गृह विज्ञान विभाग की कार्यशाला का सफल समापन, कुलपति एवं विषय विशेषज्ञों ने शिक्षार्थियों का किया उत्साहवर्धन

दिनांक 01 अगस्त, 2026 को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के गृह विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित कार्यशाला का अंतिम दिन उत्साह, सीख और उपलब्धियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति महोदय ने कार्यशाला का निरीक्षण कर शिक्षार्थियों के कार्यों की सराहना की तथा उनसे संवाद करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर कौशल विकास एवं नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान निदेशक, स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा, प्रोफेसर मंजरी अग्रवाल ने भी शिक्षार्थियों एवं विभागीय संकाय सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यशाला के सफल आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ शिक्षार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ व्यावहारिक दक्षताओं को भी सुदृढ़ करती हैं। कार्यशाला में उपस्थित विषय विशेषज्ञों प्रोफेसर लता पांडे एवं डॉ० निवेदिता अवस्थी ने शिक्षार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न रंगाई एवं छपाई के उत्पादों , निर्मित वस्त्रों, भोजन एवं विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता, समर्पण तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की। प्रोफेसर लता पांडे ने गृह विज्ञान को पूर्णतः कौशल आधारित विषय बताते हुए कहा कि यह विषय केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवनोपयोगी कौशल, उद्यमिता, पोषण, स्वास्थ्य, परिवार प्रबंधन एवं आत्मनिर्भरता से भी सीधे जुड़ा हुआ है। उन्होंने विद्यार्थियों को इन कौशलों का प्रभावी उपयोग कर भविष्य में बेहतर अवसरों का लाभ उठाने का मार्गदर्शन भी दिया। कार्यशाला के दौरान शिक्षार्थियों ने अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं सक्रिय सहभागिता के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की निदेशक अकादमिक, प्रोफेसर पी० डी० पंत, कुलसचिव, डॉ० खेमराज भट्ट, प्रोफेसर आशुतोष भट्ट, डॉ० भानु प्रकाश जोशी एवं विषय विशेषज्ञों ने सराहना की और साथ ही गृह विज्ञान विभाग के संकाय सदस्यों द्वारा किए गए सफल आयोजन, मार्गदर्शन एवं प्रयासों की भी प्रशंसा की। अंत में सभी अतिथियों ने कार्यशाला को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं शिक्षार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसके सफल आयोजन के लिए विभाग को बधाई दी और कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यशाला में गृह विज्ञान के संकाय सदस्यों और शोधार्थी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page