फर्जी AI वीडियो वायरल करने वालों पर हो कठोर कार्रवाई: हेमन्त साहू


हल्द्वानी। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमन्त साहू ने रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की सभा के दौरान फर्जी AI वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
हेमन्त साहू ने कहा कि फर्जी AI वीडियो के माध्यम से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की छवि खराब करने तथा जनता को गुमराह करने का प्रयास गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर दोषियों को तत्काल चिन्हित करना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और पुलिस प्रशासन मनमानी पर उतर आया है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध का जवाब फर्जी वीडियो और भ्रामक प्रचार से नहीं दिया जा सकता।
हेमन्त साहू ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि फर्जी AI वीडियो बनाने और उसे वायरल करने वाले लोगों के खिलाफ आईटी कानून सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं और सच्चाई तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई मजबूती से जारी रखेंगे।







