हाईवे किनारे मटन-चावल शॉप पर राज्य कर विभाग की नजर, सालाना टर्नओवर 50 लाख से अधिक 12 जून तक जीएसटी पंजीकरण नहीं कराया तो होगी कार्रवाई

संवाददाता, नैनीताल: हल्द्वानी-नैनीताल हाईवे पर नयना गांव के पास स्थित प्रसिद्ध पहाड़ी मटन-चावल शॉप का सालाना कारोबार 50 लाख रुपये से अधिक पाया गया है। जांच में सामने आया कि दुकान संचालक ने अब तक जीएसटी में पंजीकरण नहीं कराया है। राज्य कर विभाग ने 12 जून तक पंजीकरण कराने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा तक अनुपालन नहीं होने पर जीएसटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
नयना गांव स्थित यह मटन-चावल शॉप पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोगों और अधिकारी-कर्मचारियों के बीच भी काफी लोकप्रिय है। स्वाद के लिए प्रसिद्ध इस दुकान पर दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं। हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया गया था कि दुकान में प्रतिदिन चावल के साथ तीन बकरों के मांस की बिक्री होती है। वीडियो चर्चा में आने के बाद राज्य कर विभाग ने मामले का संज्ञान लिया।
इसके बाद राज्य कर विभाग की टीम असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश त्रिवेदी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और कारोबार की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि दुकान का वार्षिक टर्नओवर 50 लाख रुपये से अधिक है, जबकि जीएसटी पंजीकरण नहीं कराया गया है। विभाग के अनुसार इस कारोबार पर पांच प्रतिशत जीएसटी देय है।
असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश त्रिवेदी ने बताया कि दुकान संचालक चंदन सिंह को शीघ्र पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विभाग को दो-चार दिनों के भीतर जीएसटी पंजीकरण कराने का आश्वासन दिया है। जांच टीम में शैलेंद्र आगरी, मोहित चौहान और कैलाश जोशी शामिल रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page