स्वतंत्रता दिवस को लेकर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए कड़े निर्देश

चिन्हित बैरियरों पर तैनात रहेगा पुलिस बल, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की होगी सघन चेकिंग

डॉ. मंजूनाथ टी.सी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल महोदय द्वारा जनपद के समस्त अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आगामी 15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों, सार्वजनिक स्थलों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

बैरियरों पर तैनात रहेगा पुलिस बल, होगी सघन चेकिंग

स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में *चिन्हित बैरियरों पर संबंधित थानों से पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाएगी।* उक्त बैरियरों पर आने-जाने वाले वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जाएगी तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

चिन्हित प्रमुख बैरियर

1. टांडा बैरियर – थाना हल्द्वानी
2. एमवीआईआर बैरियर – थाना चोरगलिया
3. सुभाषनगर बैरियर – थाना लालकुआं
4. गड़प्पू बैरियर – थाना कालाढूंगी
5. हल्दुवा बैरियर – थाना रामनगर
6. मोहन बैरियर – थाना रामनगर
7. धानाचूली बैरियर – थाना मुक्तेश्वर
8. क्वारब बैरियर – थाना भवाली
9. खैरना बैरियर – थाना भवाली

उक्त बैरियरों के अतिरिक्त जिन-जिन थाना क्षेत्रों में अन्य बैरियर स्थापित हैं, उनमें भी संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की ड्यूटी लगाकर *सघन चेकिंग एवं निगरानी* की जाएगी।

थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने तथा सत्यापन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अतिरिक्त होटल, ढाबों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, टैक्सी स्टैंड, बाजारों एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

बीडीएस/डॉग स्क्वायड द्वारा संवेदनशील स्थानों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन एवं जनपद के महत्वपूर्ण संस्थानों/बाजारों में डॉग/बीडीएस के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों एवं लावारिस वस्तुओं की गहनता से चेकिंग की जाएगी।

सोशल मीडिया एवं सूचना तंत्र पर भी रहेगी नजर

नैनीताल पुलिस की सोशल मीडिया सेल द्वारा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अफवाह जनक सूचनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। *भ्रामक अथवा अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक* कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पुलिस बल की पर्याप्त ड्यूटी लगाकर सघन चेकिंग करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु के मिलने पर तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

यातायात व्यवस्था भी रहेगी चाक-चौबंद

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों एवं अन्य आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु निरीक्षक यातायात/सीपीयू प्रभारी द्वारा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुदृढ़ बनाए रखा जाएगा।

नैनीताल पुलिस आमजन से अपील करती है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा वस्तु की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस को दें।

 


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page