SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देश पर हल्द्वानी में पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 वोल्वो बसें सीज, 73 वाहनों के चालान

यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ट्रैफिक और सीपीयू की संयुक्त टीम ने चलाया सघन अभियान, रोडवेज से मंगल पड़ाव तक हटवाया अतिक्रमण

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कड़े निर्देशों के बाद हल्द्वानी पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सघन अभियान चलाया।

एसएसपी द्वारा मासिक अपराध गोष्ठी में सभी थाना प्रभारियों, सीपीयू और यातायात प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात को सुव्यवस्थित, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में आज एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण और निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पांडेय तथा प्रभारी सीपीयू जगदीश राम के नेतृत्व में यातायात पुलिस और सीपीयू की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न संवेदनशील और व्यस्त मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान में की गई कार्रवाई:

1. 03 वोल्वो बसें सीज: नियमों का उल्लंघन कर संचालित की जा रही 03 वोल्वो बसों को शहर के अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान सीज किया गया।

2. 73 वाहनों के चालान: ओवरलोडिंग, यातायात नियमों का उल्लंघन और यातायात बाधित करने पर कुल 73 वाहनों का चालान कर कानूनी कार्रवाई की गई।

3. अतिक्रमण पर कार्रवाई: पैदल यात्रियों और वाहनों के आवागमन में बाधा बन रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। रोडवेज बस स्टेशन से लेकर मंगल पड़ाव तक सड़क किनारे अवैध रूप से लगी रेहड़ी-ठेलियों को हटवाया गया।

नैनीताल पुलिस ने आम जनता और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर अवैध अतिक्रमण न करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page