SIR की सुपर चेकिंग: 3 अक्टूबर को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, दीपक रावत ने दिए पारदर्शी निस्तारण के निर्देश

रामनगर, 26 सितंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया जारी है। अंतिम प्रकाशन से पूर्व आयुक्त कुमाऊं मंडल एवं निर्वाचक नामावली प्रेक्षक दीपक रावत ने प्रारूप-6, प्रारूप-7 और प्रारूप-8 के तहत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सुपर चेकिंग की।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों की जांच प्रक्रिया और उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि SIR के अंतर्गत प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से परीक्षण एवं निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

3 अक्टूबर को होगा अंतिम प्रकाशन

आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद पात्र नागरिक नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने, मतदाता सूची से नाम हटाने अथवा नाम, पता एवं अन्य विवरण में आवश्यक संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन आवेदन की सुविधा से नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया में सहूलियत मिलेगी और समय की भी बचत होगी।

आम नागरिकों को ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के संबंध में आम नागरिकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इसका लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने दावे एवं आवेदन प्रस्तुत करें और संबंधित अधिकारी उनकी जांच में पारदर्शिता तथा समयबद्धता सुनिश्चित करें।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page