धामी सरकार में भ्रष्टाचारियों की जगह जेल में है : शंकर कोरंगा


हल्द्वानी। जलागम बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार में भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है तो उसकी जगह केवल जेल में होगी। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और दोषियों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
नैनीताल में हाल ही में रिश्वत लेते हुए एक सीटीओ की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कोरंगा ने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी भ्रष्टाचार के आरोपों में करीब डेढ़ सौ अधिकारी और कर्मचारी जेल भेजे जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि कई मामलों में आरोपियों को जमानत तक नहीं मिल सकी है, जो सरकार की सख्त कार्रवाई और मुख्यमंत्री की मजबूत इच्छाशक्ति को दर्शाता है।
कोरंगा ने कहा कि प्रदेश में पहली बार ऐसा मुख्यमंत्री मिला है, जो विकास और आम जनता के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह से देर रात तक प्रदेशवासियों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों की निगरानी में जुटे रहते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान के साथ संघर्ष के दौरान पूरे विश्व के सामने अपनी सैन्य क्षमता और शौर्य का प्रदर्शन किया। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा में सैन्य अधिकारियों और जवानों के बीच समय बिताकर उनका मनोबल बढ़ाने का कार्य किया, जिसकी व्यापक सराहना हुई।
चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए कोरंगा ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो। श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन, सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था तक पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं इन सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा कर रहे हैं, ताकि चारधाम यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो सके।





