नैनीताल में 14 अगस्त को स्कूल-कॉलेज बंद, भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बाद प्रशासन का फैसला कक्षा एक से 12वीं तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में रहेगा अवकाश, शिक्षकों और स्टाफ को भी छुट्टी

नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से 14 अगस्त को नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिला प्रशासन ने शुक्रवार, 14 अगस्त को जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा एक से 12वीं तक की शैक्षणिक गतिविधियां बंद रखने के आदेश दिए हैं। इस दिन जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। प्रशासन ने मौसम की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
भारी बारिश से नदी-नालों में बढ़ सकता है जलस्तर
प्रशासन के अनुसार मौसम विभाग ने 14 अगस्त को जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। लगातार बारिश के कारण नदी, नालों और गधेरों में अचानक तेज जलप्रवाह होने की आशंका है। इसके अलावा संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क मार्ग बाधित होने का खतरा भी बना हुआ है।
ऐसे में स्कूली बच्चों को बारिश के दौरान घर से विद्यालय आने-जाने में किसी तरह की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े, इसे देखते हुए एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
शिक्षकों और कर्मचारियों को भी अवकाश
जिला प्रशासन के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 14 अगस्त को विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। यानी सामान्य विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ प्रशासनिक कार्य भी बंद रहेंगे।
आवासीय शिक्षण संस्थानों को आदेश से रखा बाहर
हालांकि, आदेश में नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शिक्षण संस्थानों को अलग रखा गया है, जहां छात्र-छात्राओं के लिए पढ़ाई और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। ऐसे संस्थानों पर यह अवकाश आदेश लागू नहीं होगा।
आदेश का पालन नहीं करने पर कार्रवाई
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षाधिकारी, जिला शिक्षाधिकारियों और जिला कार्यक्रम अधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र के सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील क्षेत्रों में आवाजाही से बचने की अपील
मौसम अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी सतर्कता बरतने की अपील की है। विशेष रूप से नदी-नालों, गधेरों और भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही न करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने को कहा है।
प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और परिस्थितियों के अनुसार आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते है


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page