धामी सरकार के प्रयासों से सशक्त हुई ग्रामीण महिला—भीमताल की यामिनी ने ‘Mr. Chef Bakery & Cafe’ से लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयास जमीनी स्तर पर प्रभावी परिणाम दे रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम डोब ल्वेशाल, भीमताल की श्रीमती यामिनी ने ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (REAP-UGVS) के सहयोग से ‘Mr. Chef Bakery & Cafe’ स्थापित कर आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायक मिसाल पेश की है।
सहयोग स्वयं सहायता समूह से जुड़ी श्रीमती यामिनी ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया और उसे साकार किया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में REAP परियोजना के अंतर्गत उन्हें ₹3 लाख की लागत से बेकरी उद्यम स्थापित करने हेतु ₹75,000 परियोजना सहयोग, ₹75,000 स्वयं का अंशदान एवं ₹1,50,000 बैंक ऋण के रूप में सहायता प्राप्त हुई।
प्राप्त सहयोग से उन्होंने आधुनिक उपकरणों के साथ अपना बेकरी उद्यम स्थापित किया, जहां वर्तमान में केक, मफिन, बिस्कुट सहित विभिन्न बेकरी उत्पाद तैयार कर स्थानीय बाजार एवं पर्यटकों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे उनकी नियमित आय सुनिश्चित हुई है और परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है। साथ ही उनके इस प्रयास से अन्य ग्रामीण महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाने की प्रेरणा मिल रही है।
मुख्य विकास अधिकारी, नैनीताल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (REAP) के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य जनपद में सकारात्मक परिणाम दे रहा है। श्रीमती यामिनी द्वारा स्थापित ‘Mr. Chef Bakery & Cafe’ इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि उचित प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग एवं मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण महिलाएं सफल उद्यमी बन सकती हैं। बेकरी कार्य कर रही महिलाओं द्वारा बहुत अच्छा कार्य किया जा रहा है। इनके द्वारा केक, मफिन, बिस्कुट आदि उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें स्वच्छता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। हम इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। साथ ही भीमताल आने वाले पर्यटक भी इन उत्पादों को पसंद एवं सराहना कर रहे हैं।”
यह सफलता कहानी स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस परिणाम सामने आ रहे हैं। श्रीमती यामिनी आज न केवल अपने परिवार के लिए सहारा बनी हैं, बल्कि पूरे क्षेत्र की महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में उभर रही हैं।
“स्वावलंबी महिला – सशक्त परिवार, समृद्ध ग्राम”







