60 बल्क वेस्ट जनरेटरों पर कार्रवाई की तैयारी, वाकवे मॉल और फॉर्च्यून होटल ने लगाया कंपोस्टर


हल्द्वानी। शहर में ठोस कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने और बल्क वेस्ट जनरेटर (BWG) के स्तर पर ही गीले कूड़े के निस्तारण को सुनिश्चित करने की कवायद तेज हो गई है। नगर निगम की ओर से एसडब्ल्यूएम रूल्स-2026 के तहत चिन्हित किए गए 60 संस्थानों को अपने यहां उत्पन्न होने वाले गीले कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से दो संस्थानों ने पहल करते हुए अपने परिसर में कंपोस्टर मशीन स्थापित कर दी है।
नगर आयुक्त एवं उनकी टीम ने सोमवार को वाकवे मॉल और फॉर्च्यून होटल का निरीक्षण कर वहां स्थापित कंपोस्टर मशीनों का जायजा लिया। दोनों संस्थानों में गीले कूड़े के निस्तारण के लिए की गई व्यवस्था को नगर निगम अधिकारियों ने सराहा।
गीले कूड़े का संस्थान में ही होगा निस्तारण
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, बल्क वेस्ट जनरेटर के तहत आने वाले बड़े संस्थानों, होटल, मॉल और अन्य प्रतिष्ठानों में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में कूड़ा उत्पन्न होता है। इसमें गीले कूड़े की मात्रा भी काफी होती है। नियमों के तहत ऐसे संस्थानों को अपने परिसर में ही गीले कूड़े के निस्तारण की समुचित व्यवस्था करनी होगी।
इसी क्रम में नगर निगम ने शहर के 60 संस्थानों को BWG के रूप में चिह्नित कर उन्हें नोटिस जारी किए थे। नोटिस में संस्थानों को अपने यहां उत्पन्न होने वाले गीले कूड़े के निस्तारण के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए थे।
वाकवे मॉल और फॉर्च्यून होटल ने की पहल
निगम की कार्रवाई के बाद वाकवे मॉल और फॉर्च्यून होटल ने अपने यहां गीले कूड़े के निस्तारण के लिए कंपोस्टर मशीन स्थापित कर दी है। नगर आयुक्त ने टीम के साथ दोनों संस्थानों का निरीक्षण किया और मशीन के संचालन एवं कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था की जानकारी ली।
नगर आयुक्त ने संस्थानों की ओर से नियमों के अनुपालन के लिए की गई पहल की प्रशंसा करते हुए इसे शहर में बेहतर कूड़ा प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
अन्य संस्थानों से भी जल्द व्यवस्था करने की अपील
नगर निगम की ओर से अन्य सभी चिन्हित बल्क वेस्ट जनरेटरों से भी अपने-अपने संस्थानों में गीले कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था जल्द से जल्द सुनिश्चित करने की अपील की गई है। निगम का कहना है कि संस्थानों द्वारा मौके पर ही गीले कूड़े का निस्तारण किए जाने से कूड़ा उठान और परिवहन का दबाव कम होगा। साथ ही शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एसडब्ल्यूएम रूल्स-2026 का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए BWG संस्थानों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा। संस्थानों को अपने स्तर पर कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि गीला कूड़ा सीधे डंपिंग या कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में जाने के बजाय मौके पर ही उपयोगी कंपोस्ट में परिवर्तित किया जा सके।








