पीली कोठी चौराहा के पास दो गुटों के बीच विवाद एवं भगदड़ की सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 20 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई

दिनांक 06.08.2026 की देर रात्रि थाना मुखानी क्षेत्रान्तर्गत पीली कोठी चौराहा के पास दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद एवं सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना मुखानी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारम्भ की गई।

घटना की सूचना प्राप्त होने पर डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात नैनीताल द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों को घटना में सम्मिलित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए।

उक्त निर्देशों के क्रम में श्री मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी के पर्यवेक्षण तथा श्री सुशील जोशी, प्रभारी निरीक्षक थाना मुखानी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के अवलोकन, उपलब्ध साक्ष्यों एवं गहन जांच के आधार पर घटना में सम्मिलित 20 व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार किए गए सभी व्यक्तियों के विरुद्ध थाना मुखानी में धारा 172(2) बीएनएसएस* के अंतर्गत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत 20 व्यक्तियों का चालान कर कुल ₹10,000/- का संयोजन शुल्क वसूल किया गया। वर्तमान में सभी 20 व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।

प्रकरण के संबंध में सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट अथवा चोट पहुंचाने की घटना परिलक्षित नहीं हुई है। फुटेज में केवल भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। साथ ही, दोनों पक्षों की ओर से इस संबंध में कोई तहरीर भी प्राप्त नहीं हुई है।

प्रकरण की जांच प्रचलित है। जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की मारपीट अथवा अन्य कोई दंडनीय तथ्य प्रकाश में आते हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नैनीताल पुलिस आमजन से अपील करती है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद अथवा हुड़दंग की स्थिति उत्पन्न करने से बचें। कानून व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमानुसार कठोर एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page