PMGSY सड़क की गुणवत्ता जांचने पहुंची समिति, प्रथम दृष्टया मिलीं कमियां

नैनीताल। ओखलकांडा क्षेत्र में PMGSY के तहत निर्मित कोंता–ककरोड़–हरिश्ताल मार्ग की गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की जांच के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित समिति ने स्थलीय निरीक्षण किया। समिति की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी, नैनीताल ने की।

निरीक्षण में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और PMGSY के अधिशासी अभियंताओं के साथ जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, अन्य संबंधित अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें समिति के सामने रखीं।

शिकायतों में बिटुमिनस कार्य में खामियां, पैराफिट का निर्माण नहीं होना तथा कलवर्ट और गदेरों से जुड़े कार्यों में कमियां प्रमुख रहीं। निरीक्षण के दौरान सड़क में कुछ कमियां प्रथम दृष्टया पाई गईं। निर्माण सामग्री और सड़क की गुणवत्ता जांचने के लिए सड़क की खुदाई कर तकनीकी परीक्षण भी किया गया।

समिति ने निरीक्षण में सामने आए बिंदुओं को दर्ज कर लिया है। संबंधित ठेकेदार को पूर्व सूचना के बावजूद निरीक्षण स्थल पर उपस्थित नहीं होने की बात भी सामने आई।

समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेगी। तकनीकी जांच में यदि निर्धारित मानकों की अनदेखी या लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का प्रस्ताव दिया जाएगा।

विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी का दिया मार्गदर्शन

क्षेत्र भ्रमण के दौरान राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओखलढूंगा और प्राथमिक विद्यालय रोशिलमल्ला का भी निरीक्षण किया गया। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रोशिल्मल्ला में मुख्य विकास अधिकारी ने कक्षा 10 के विद्यार्थियों से संवाद कर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय-प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण और निरंतर अभ्यास को सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page