आधार सीडिंग नहीं कराई तो 500 लाभार्थियों की पेंशन हुई बंद, अप्रैल से नहीं मिली किस्त


भीमताल। नैनीताल जिले में आधार सीडिंग नहीं होने के कारण करीब 500 वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन लाभार्थियों की पेंशन अटक गई है। अप्रैल 2026 से इन लाभार्थियों के खातों में पेंशन की किस्त नहीं पहुंची है। समाज कल्याण विभाग ने संबंधित लाभार्थियों से जल्द से जल्द अपने बैंक खाते को आधार से सीड कराने की अपील की है, ताकि पेंशन की राशि दोबारा मिल सके।
समाज कल्याण विभाग के माध्यम से भारत सरकार की वृद्धावस्था और दिव्यांगजन पेंशन योजना का संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में पेंशन की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में आधार आधारित भुगतान प्रणाली के माध्यम से भेजी जा रही है। इसके लिए लाभार्थी के बैंक खाते का आधार से सीड होना अनिवार्य किया गया है।
जिले में करीब 56 हजार वृद्ध और दिव्यांग पेंशनर
समाज कल्याण अधिकारी नैनीताल विश्वनाथ गौतम के अनुसार जिले में करीब 56 हजार वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन लाभार्थी हैं। इनमें से लगभग 500 लाभार्थियों के बैंक खाते आधार से सीड नहीं हैं। आधार सीडिंग नहीं होने के कारण इन लाभार्थियों को अप्रैल 2026 से पेंशन की किस्त जारी नहीं हो पा रही है।
विभाग का कहना है कि आधार आधारित भुगतान व्यवस्था के तहत पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है। ऐसे में आधार सीडिंग पूरी नहीं होने पर भुगतान प्रक्रिया में दिक्कत आ रही है।
बैंक खाते को आधार से सीड कराना जरूरी
विभाग ने पेंशन से वंचित लाभार्थियों से अपने बैंक खाते को आधार से सीड कराने को कहा है। लाभार्थी अपने संबंधित बैंक में जाकर आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। इसके बाद आधार सीडिंग से संबंधित जानकारी विभाग को उपलब्ध करानी होगी, जिससे पेंशन भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक में भी खोल सकते हैं खाता
समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिन लाभार्थियों को बैंक खाते को आधार से सीड कराने में परेशानी हो रही है, वे अपने नजदीकी इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक में आधार सीड खाता खुलवा सकते हैं। खाता खुलवाने के बाद उसकी छायाप्रति संबंधित विकासखंड में तैनात सहायक समाज कल्याण अधिकारी या जिला समाज कल्याण कार्यालय में जमा करानी होगी।
विभाग ने पेंशन लाभार्थियों से अपील की है कि वे बिना देरी किए आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि लंबित पेंशन की किस्तों का भुगतान कराया जा सके और भविष्य में भी पेंशन मिलने में किसी तरह की परेशानी न हो।







