मोहर्रम को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट: शांति व्यवस्था हेतु संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी और देर रात से सुबह तक सड़कों पर उतरे उच्चाधिकारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल निर्देशन में नैनीताल पुलिस द्वारा मोहर्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु धरातल पर कड़े और प्रभावी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। कल समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।

पुलिस द्वारा की गई प्रमुख प्रभावी कार्रवाइयां निम्नलिखित हैं:

ड्रोन कैमरों से अभेद्य निगरानी: मोहर्रम के जुलूसों और संवेदनशील मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ड्रोन कैमरों द्वारा हवाई निगरानी की जा रही है। हल्द्वानी, बनभूलपुरा, मल्लीताल, भीमताल, लालकुआँ, कालाढूंगी और रामनगर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में पल-पल की गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

 

रात्रि 11 से प्रातः तक सघन चेकिंग: कानून-व्यवस्था को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए देर रात 11:00 बजे से सुबह तक विशेष ‘नाइट चेकिंग अभियान’ चलाया गया। इसके तहत सभी क्षेत्राधिकारियों, जोनल अधिकारियों, नाइट अधिकारियों और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संदिग्धों की चेकिंग की गई।

कंट्रोल रूम से सतत मॉनिटरिंग: सिटी कंट्रोल रूम को 24 घंटे पूरी सक्रियता के साथ हाई अलर्ट पर रखा गया है। जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थानों की लाइव फीड के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है तथा किसी भी इनपुट पर वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचित कर क्विक रिस्पांस सुनिश्चित किया जा रहा है।

आयोजकों के साथ निरंतर समन्वय: शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में मोहर्रम के आयोजकों और ताजिया कमेटियों के साथ निरंतर संवाद व समन्वय स्थापित किया गया है।

ऑपरेशन क्लीन स्वीप: ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ और सुरक्षा प्रोटोकॉल के हिस्से के रूप में देर रात्रि से लेकर आज प्रातः तक जनपद के सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील धार्मिक स्थलों की प्रभावी चेकिंग की गई।

धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बलों की मुस्तैदी: चेकिंग के साथ-साथ सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों और उनके आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। थाना प्रभारियों द्वारा स्वयं मौके पर रहकर इन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था और शांति व्यवस्था का लगातार जायजा लिया जा रहा है।

एसएसपी नैनीताल की अपील:
नैनीताल पुलिस समस्त जनमानस से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करती है। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें। पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

 


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page