उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, डॉ. आशुतोष सयाना फिर बने निदेशक; कई मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य बदले


देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने चिकित्सा शिक्षा विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई अहम पदों पर नई नियुक्तियां की हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आशुतोष सयाना को एक बार फिर चिकित्सा शिक्षा निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में अब प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
शासन के आदेश के अनुसार, डॉ. अजय कुमार आर्या को चिकित्सा शिक्षा निदेशक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी का प्राचार्य नियुक्त किया गया है। वहीं, राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार के प्राचार्य डॉ. चंद्र मोहन सिंह रावत को राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर का नया प्राचार्य बनाया गया है।
इसी क्रम में डॉ. चंद्रप्रकाश भैंसोड़ा का अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज से स्थानांतरण कर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर का प्राचार्य नियुक्त किया गया है। वहीं, डॉ. जी.एस. तितियाल को हल्द्वानी से स्थानांतरित कर राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा के प्राचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार ने प्रो. डॉ. पंकज सिंह को भी नई जिम्मेदारी देते हुए हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से स्थानांतरित कर राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार का प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया है।
सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को चिकित्सा शिक्षा विभाग में कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि नई नियुक्तियों के बाद प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार देखने को मिल सकता है। अब सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि नए अधिकारियों के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेजों की व्यवस्थाओं और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में कितना सकारात्मक बदलाव आता है।






