महिलाओं के हक और सुरक्षा पर गरजी महिला कांग्रेस, बुद्ध पार्क में फूंका भाजपा सरकार का पुतला

हल्द्वानी, 8 मई। महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों और बढ़ती महंगाई के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को हल्द्वानी में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बुद्ध पार्क में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार का पुतला दहन कर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने, कमर्शियल गैस सिलेंडरों के बढ़े दाम वापस लेने और चंपावत में नाबालिग बच्ची के साथ हुई घटना में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मधु सांगूड़ी ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर आवाज बुलंद की।
महानगर अध्यक्ष मधु सांगूड़ी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के बड़े-बड़े दावे तो करती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार देने के मुद्दे पर सरकार लगातार टालमटोल कर रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बावजूद महिलाओं को अब तक उसका वास्तविक लाभ नहीं मिल पाया है। सरकार यदि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को लेकर गंभीर है तो उसे बिना किसी देरी के 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना चाहिए।
मधु सांगूड़ी ने कमर्शियल गैस सिलेंडरों के बढ़ते दामों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता, छोटे व्यापारियों, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि का सबसे अधिक असर महिलाओं और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। महिला कांग्रेस ने बढ़े हुए गैस सिलेंडरों के दाम तत्काल वापस लेने की मांग की।
उन्होंने चंपावत में नाबालिग बच्ची के साथ हुई घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जब ऐसे मामलों में सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों के नाम सामने आते हैं तो जनता का कानून व्यवस्था से भरोसा कमजोर होता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।
महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की अनदेखी जारी रही तो संगठन प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाएगा।
प्रदर्शन में पार्षद भागीरथी बिष्ट, मुन्नी जोशी, सविता गुरुरानी, कनक जीना, मुन्नी पंत, लता पांडे, गीता बहुगुणा, मीनाक्षी नयाल, शांति मेहता, पुष्पा कोरंगा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किरण मेहरा, दिनेश सांगूड़ी समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page