देवभूमि के अधिवक्ताओं का महाकुंभ आज से, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल करेंगे मार्गदर्शन

हल्द्वानी। अधिवक्ता परिषद देवभूमि का प्रथम प्रांतीय अधिवेशन 27 और 28 जून को एफटीआई, हल्द्वानी में आयोजित होगा। दो दिवसीय अधिवेशन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से अधिवक्ता, विधि विशेषज्ञ, विधि शिक्षाविद्, शोधार्थी और न्याय व्यवस्था से जुड़े गणमान्य लोग हिस्सा लेंगे। अधिवेशन में न्याय व्यवस्था से जुड़े समसामयिक विषयों पर मंथन के साथ संगठनात्मक विस्तार और अधिवक्ताओं के बौद्धिक विकास पर भी विशेष जोर रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती जानकी सूर्या ने बताया कि अधिवेशन का शुभारंभ 27 जून को उद्घाटन सत्र से होगा, जबकि 28 जून को विभिन्न बौद्धिक, संगठनात्मक एवं वैचारिक सत्रों के बाद समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन अधिवक्ता परिषद देवभूमि के लिए मील का पत्थर साबित होगा और न्याय व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा का मंच बनेगा।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल अधिवेशन को संबोधित कर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे। इसके अलावा सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता एस.डी. अवस्थी, फॉरेंसिक विभाग के अपर निदेशक सत्यप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री हरि बोरेकर तथा क्षेत्रीय संयोजक विपिन कुमार त्यागी सहित कई विशिष्ट वक्ता विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखेंगे।
अधिवेशन में फॉरेंसिक विभाग के अपर निदेशक सत्यप्रकाश वैज्ञानिक साक्ष्यों के न्यायिक महत्व, अपराध अन्वेषण में आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा न्यायालयीन कार्यवाही में फॉरेंसिक साक्ष्यों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी देंगे। इससे अधिवक्ताओं और प्रतिभागियों को न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े व्यावहारिक एवं नवीनतम पहलुओं की जानकारी मिलेगी।
दो दिवसीय कार्यक्रम में विधिक सुधार, अधिवक्ताओं की गुणवत्ता एवं क्षमता विकास, विधिक अनुसंधान, न्यायिक सुधार, अधिवक्ताओं की भूमिका, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अधिवक्ताओं के दायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों के बीच व्यापक विचार-विमर्श होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अधिवेशन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों के ठहरने, भोजन, पंजीकरण, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के अधिवक्ताओं, विधि के विद्यार्थियों और विधि व्यवसाय से जुड़े सभी लोगों से अधिकाधिक संख्या में अधिवेशन में भाग लेकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती जानकी सूर्या, उच्च न्यायालय इकाई के महामंत्री अनिल कुमार जोशी, हल्द्वानी नगर इकाई के अध्यक्ष पियूष तिवारी तथा महामंत्री चंदन मेहता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने अधिवेशन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page