उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में जुलाई 2026 सत्र के ऑनलाइन प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक विस्तारित

हल्द्वानी, 11 अगस्त। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी ने अकादमिक सत्र जुलाई 2026 में ऑनलाइन प्रवेश लेने वाले शिक्षार्थियों के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार अब इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश ले सकेंगे।

विश्वविद्यालय की ओर से समस्त अध्ययन केन्द्रों, क्षेत्रीय केन्द्रों एवं संबंधित विद्याशाखाओं से अपील की गई है कि वे इस प्रवेश तिथि विस्तार की जानकारी अधिक से अधिक शिक्षार्थियों तक पहुंचाएं तथा उन्हें समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करें।
इसके साथ ही अध्ययन केन्द्रों एवं विद्याशाखाओं में अध्ययनरत ऐसे शिक्षार्थी, जिनका अगले सेमेस्टर अथवा अगले वर्ष में प्रवेश लिया जाना है, उन्हें भी समय रहते पुनः प्रवेश/अगले सेमेस्टर में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करने के लिए सूचित करने को कहा गया है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि उन्हें अध्ययन केन्द्रों से अपेक्षा है कि वे प्रवेश की अंतिम तिथि का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए शिक्षार्थियों को ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करें, ताकि कोई भी पात्र शिक्षार्थी प्रवेश से वंचित न रह जाए।

यह जानकारी विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रभारी, डॉ. सुमित प्रसाद ने दी।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page