विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत गणना प्रपत्र वितरण कार्य का उच्चाधिकारियों द्वारा किया निरीक्षण

हल्द्वानी, 11 जून, 2026, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद नैनीताल में गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण कार्य की प्रगति का निरीक्षण करने हेतु अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) व उप जिला निर्वाचन अधिकारी, नैनीताल विवेक राय द्वारा गुरुवार को पूर्वाह्न में नारायण नगर, कुसुमखेड़ा, हल्द्वानी क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण किया गया।
भ्रमण के दौरान श्री राय ने बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ क्षेत्र में संचालित गणना प्रपत्र वितरण कार्य का निरीक्षण किया तथा संबंधित मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने गणना प्रपत्रों के समयबद्ध वितरण, मतदाताओं से समुचित समन्वय तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य संपादन के संबंध में आवश्यक निर्देश भी प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान बूथ स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से संबंधित मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए गए तथा मतदाताओं को प्रपत्र भरने एवं निर्धारित समयावधि में उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक जानकारी भी दी गई।
अपर जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्य में संलग्न कार्मिकों को निर्देशित किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।
इस मौके पर नायब तहसीलदार भोपाल सिंह मटियाली, मनोज कुमार भट्ट, अभिनव कुमार (सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी), सुपरवाइजर मनोज कपिल तथा कोऑर्डिनेटर राजीव लॉरेंस सहित अन्य निर्वाचन कार्मिक उपस्थित रहे।






