हल्द्वानी में स्थित पीएसपी हॉस्पिटल में उपचाराधीन जनपद बागेश्वर के मंडलसेरा निवासी 65 वर्षीय श्री प्रेम गिरी की मृत्यु के संबंध मे जांच के आदेश

हल्द्वानी 24 जून 2026, अपर जिलाधिकारी (प्रशा०), नैनीताल,विवेक राय ने जन साधारण को सूचित किया जाता है कि जनपद नैनीताल के हल्द्वानी में स्थित पीएसपी हॉस्पिटल में उपचाराधीन जनपद बागेश्वर के मंडलसेरा निवासी 65 वर्षीय श्री प्रेम गिरी की मृत्यु के संबंध में परिजनों द्वारा निजी चिकित्सालय पर लगाए आरोपों के दृष्टिगत प्रकरण की तथ्यपरक एवं निष्पक्ष जाँच हेतु जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के आदेश के क्रम में उनकी अध्यक्षता में एक संयुक्त जाँच समिति का गठन किया गया है जिसमें नगर मजिस्ट्रेट, हल्द्वानी, अपर मुख्यचिकित्साधिकारी हल्द्वानी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी, नैनीताल द्वारा नामित हृदय रोग विशेषज्ञ को सदस्य बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि उक्त गठित समिति द्वारा विभिन्न बिन्दुओं के संबंध में जाँच की जायेगी,जिसमें
मृतक के उपचार, ऑपरेशन एवं चिकित्सीय प्रबंधन से संबंधित समस्त अभिलेखों का परीक्षण,उपचार के दौरान अपनाई गई चिकित्सीय प्रक्रिया एवं मानकों का परीक्षण,
परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जाँच कर तथ्यों का सत्यापन करना अस्पताल प्रबंधन द्वारा प्रचलित नियमों, मानकों एवं वैधानिक प्राविधानों के अनुपालन की समीक्षा करना। यदि किसी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता परिलक्षित हो तो उसके संबंध में स्पष्ट आख्या एवं उत्तरदायित्व निर्धारित करना। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक सुझाव एवं संस्तुतियां प्रस्तुत करना है।

इस संबंध में अपर जिलाधिकारी ने आम जन से अपील की है कि उक्त घटना के संबंध में वह किसी भी प्रकार की जानकारी रखने हैं तो वह व्यक्ति सूचना प्रकाशन के 07 दिवस के अन्दर अपना मौखिक या लिखित बयान,अभिकथन अथवा उक्त के संबंध में कोई साक्ष्य हों, तो किसी भी कार्य दिवस को गठित जांच समिति के किसी भी अधिकारी के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं अथवा पंजीकृत डाक से प्रेषित कर सकते हैं।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page