HPV टीकाकरण में बेतालघाट बना मिसाल, 296 किशोरियों का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन पूरा
सर्वाइकल कैंसर से बचाव की मुहिम को मिली बड़ी सफलता, CMO डॉ. रश्मि पंत ने स्वास्थ्य टीम को दी बधाई

नैनीताल, 18 सितंबर 2026। किशोरियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से चलाए जा रहे HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में नैनीताल जिले के बेतालघाट विकासखंड ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। ब्लॉक में निर्धारित 296 पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा कर लिया गया है।
बेतालघाट की इस उपलब्धि पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने खुशी जताते हुए पूरी स्वास्थ्य टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय स्तर पर किए गए प्रभावी समन्वय का परिणाम है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि HPV टीकाकरण किशोरियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जनपद के अन्य विकासखंडों से भी अपील की कि निर्धारित पात्र लाभार्थियों का प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण कराते हुए जल्द से जल्द शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों की पहचान, अभिभावकों की काउंसलिंग और टीकाकरण की प्रक्रिया को लगातार गति दी जाए। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र किशोरी टीकाकरण से वंचित न रहे।
डॉ. पंत ने बेतालघाट ब्लॉक की शत-प्रतिशत उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे जनपद के अन्य विकासखंडों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बताया।







