हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर भीषण हादसा: स्कॉर्पियो-स्कूटी की टक्कर में तीन युवकों की मौत

हल्द्वानी। रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर टांडा जंगल के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और स्कूटी की आमने-सामने की भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान जसपुर निवासी 20 वर्षीय अनिकेत, हरिद्वार निवासी 22 वर्षीय रोहन और रामपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी 24 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है। तीनों युवक सिडकुल स्थित अशोका लीलैंड कंपनी में कार्यरत थे।
बताया जा रहा है कि शनिवार को तीनों युवक एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए हल्द्वानी आए थे। रात में रुद्रपुर लौटने के बाद उन्हें पता चला कि उनका एक मोबाइल हल्द्वानी में ही छूट गया है। इसी के चलते तीनों युवक देर रात करीब 12 बजे स्कूटी से दोबारा हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए।
जब वे संजय वन से करीब दो किलोमीटर आगे टांडा जंगल क्षेत्र में पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उनकी स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत और सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, हादसे में स्कॉर्पियो कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार लोगों को एयरबैग खुलने के कारण गंभीर चोट नहीं आई।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।







