हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी शंकर नयाल का बेतालघाट तबादला, सख्त कार्यशैली की रही चर्चा

लालकुआं। हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी रहे उपनिरीक्षक शंकर नयाल का प्रशासनिक तबादला बेतालघाट कर दिया गया है। उनके तबादले की खबर सामने आते ही क्षेत्र में उनकी कार्यशैली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अपने कार्यकाल के दौरान शंकर नयाल ने हल्दूचौड़ और बरेली रोड क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी समेत कई गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए। उनकी सख्त कार्रवाई के चलते अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में पुलिस का खौफ साफ दिखाई देता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके कार्यकाल में चौकी क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता पहले की तुलना में अधिक मजबूत नजर आई। कई संवेदनशील मामलों में उन्होंने तत्परता दिखाते हुए सख्त रवैया अपनाया, जिसकी आम लोगों के बीच खूब चर्चा रही।
आम जनता के बीच उनकी पहचान एक जिम्मेदार, अनुशासनप्रिय और सक्रिय पुलिस अधिकारी के रूप में बनी। क्षेत्रीय लोगों का मानना है कि कानून व्यवस्था को लेकर उनका रवैया काफी प्रभावी रहा, जिससे लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा।
अब उनके तबादले के बाद लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले समय में क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर इसी तरह प्रभावी नियंत्रण बना रहेगा या पुलिस विभाग को नई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।







