15 अगस्त तक करा लें LPG कनेक्शन की e-KYC, वरना लग सकता है झटका; निष्क्रिय हो सकता है घरेलू गैस कनेक्शन

देहरादून। घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। जिले में एलपीजी कनेक्शनों की e-KYC कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। गैस कंपनियों और जिला पूर्ति विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है। उपभोक्ताओं से 15 अगस्त तक e-KYC पूरी कराने की अपील की गई है। निर्धारित समयसीमा में e-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को भविष्य में गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
e-KYC नहीं हुई तो निष्क्रिय श्रेणी में जा सकता है कनेक्शन
गैस कंपनियों के अनुसार, जिन घरेलू गैस कनेक्शनों की e-KYC प्रक्रिया पूरी नहीं होगी, उन्हें नियमानुसार निष्क्रिय श्रेणी में रखा जा सकता है। ऐसे में घरेलू गैस कनेक्शन पर मिलने वाले लाभ प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा संबंधित उपभोक्ता को गैस सिलेंडर लेने में भी दिक्कत आ सकती है।
विभाग और गैस कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं को समय रहते सत्यापन कराने की सलाह दी जा रही है, ताकि बाद में कनेक्शन से संबंधित किसी तरह की परेशानी न हो।
फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शनों पर भी कसेगा शिकंजा
e-KYC प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य घरेलू एलपीजी कनेक्शनों का आधार आधारित सत्यापन करना है। इसके माध्यम से फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शनों की पहचान करने के साथ ही गैस की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा वास्तविक उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड अपडेट किया जाएगा। इससे सरकारी योजनाओं और घरेलू गैस से जुड़े लाभों को पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाने में भी सुविधा होगी। विभाग के अनुसार, ऐसे उपभोक्ता जिनके पास एलपीजी और पीएनजी दोनों प्रकार के कनेक्शन हैं, उनका डाटा भी e-KYC प्रक्रिया के माध्यम से बेहतर तरीके से चिन्हित किया जा सकेगा।
गैस एजेंसी पर बायोमेट्रिक से करा सकते हैं सत्यापन
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल के अनुसार, उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से e-KYC करा सकते हैं। इसके अलावा विभिन्न गैस कंपनियों के मोबाइल एप और अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिये भी e-KYC की सुविधा उपलब्ध है।
कुछ मामलों में गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने वाले अधिकृत कर्मियों के माध्यम से भी e-KYC कराने की सुविधा दी जा सकती है। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपनी गैस एजेंसी से उपलब्ध विकल्प की जानकारी लेकर जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कराएं।
अंतिम तारीख का इंतजार न करें उपभोक्ता
जिला पूर्ति विभाग और गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं से 15 अगस्त की अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते e-KYC पूरी कराने से भविष्य में गैस सिलेंडर की आपूर्ति अथवा कनेक्शन से जुड़ी किसी परेशानी से बचा जा सकता है।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि अभी तक उनके गैस कनेक्शन की e-KYC नहीं हुई है तो वे संबंधित गैस एजेंसी अथवा अधिकृत डिजिटल माध्यम से जल्द प्रक्रिया पूरी कर लें।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page