DSB परिसर में काले झंडे का दबदबा बरकरार, भानु प्रताप सिंह चौहान बने छात्रसंघ अध्यक्ष

अध्यक्ष पद पर भानु प्रताप को 1355 वोट, शुभम कुमार को 873 और हिमांशु आर्या को 283 मत मिले

 

नैनीताल, 29 सितंबर 2026। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर नैनीताल में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह चौहान ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) समर्थित प्रत्याशी शुभम कुमार और निर्दलीय प्रत्याशी हिमांशु आर्या को पीछे छोड़ा।

अध्यक्ष पद पर भानु प्रताप सिंह चौहान को 1355 वोट, शुभम कुमार को 873 वोट तथा हिमांशु आर्या को 283 वोट मिले। अध्यक्ष पद पर कुल 14 मत नोटा/अवैध घोषित हुए।

2535 विद्यार्थियों ने किया मतदान

डीएसबी परिसर में कुल 5410 मतदाता बताए गए थे, जिनमें से 2535 विद्यार्थियों ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत करीब 46.85 प्रतिशत रहा। अध्यक्ष पद के साथ संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए भी मतदान हुआ, जबकि कई अन्य पदों पर प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन पहले ही तय हो चुका था।

संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद का परिणाम

संयुक्त सचिव पद पर गौरी ने 1619 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। अनुष्का पुरी को 1614 वोट मिले। इस पद पर मुकाबला बेहद करीबी रहा। 202 मत नोटा और 110 मत अवैध घोषित हुए।

कोषाध्यक्ष पद पर सृष्टि रावत विजयी रहीं। उन्हें 1165 वोट मिले, जबकि विदुषी वर्मा को 1147 वोट प्राप्त हुए। इस पद पर 127 मत नोटा और 96 मत अवैध रहे।

कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन

छात्रा उपाध्यक्ष पद पर कुमकुम जोशी, छात्र उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक रैकुनी, सचिव पद पर कमल कार्की, सांस्कृतिक सचिव पद पर हर्षित जोशी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर तन्मय भंडारी का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। विभिन्न संकाय प्रतिनिधि पदों पर भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

डीएसबी परिसर में अध्यक्ष पद पर यह लगातार दूसरा वर्ष है जब काले झंडे के बैनर से जुड़े निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। वर्ष 2025 में करन सती ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page