गैस सिलेंडरों से अवैध गैस निकालते पकड़ी गई वितरण गाड़ी, 26 सिलेंडर जब्त


देहरादून। जिलाधिकारी देहरादून के निर्देश पर मिली शिकायत के बाद पूर्ति विभाग की टीम ने ग्राम सोडा सिरौली में घरेलू गैस वितरण वाहन की जांच की। जांच के दौरान ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून की वितरण गाड़ी से घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालने का मामला सामने आया। कार्रवाई के बाद विभाग ने वाहन को जब्त कर लिया और मामले में दो कर्मचारियों समेत गैस एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान वितरण वाहन में कुल 26 घरेलू गैस सिलेंडर मिले। इनमें चार सिलेंडरों से करीब एक किलो से लेकर 6.5 किलो तक गैस निकाली जा चुकी थी। जबकि बाकी 22 सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए पाए गए।
मौके से रिफिलर बरामद, लोगों ने भी की थी शिकायत
जांच के दौरान टीम को सिलेंडरों से गैस स्थानांतरित करने में इस्तेमाल किया जा रहा रिफिलर भी बरामद हुआ। स्थानीय लोगों ने भी वितरण कर्मियों पर सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालने की शिकायत की थी। बताया गया कि इस संबंध में स्थानीय लोगों की ओर से वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराया गया।
पूर्ति विभाग की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही वितरण वाहन को कब्जे में ले लिया। विभागीय कार्रवाई से गैस वितरण व्यवस्था में हड़कंप मच गया।
दो कर्मचारियों और गैस सेवा के खिलाफ मुकदमा
मामले में संबंधित कर्मचारी जयप्रकाश पुत्र प्रेमशंकर और रटनेश पुत्र चंद्रपाल के साथ ही ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून के खिलाफ थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सभी सिलेंडर सुरक्षित स्थान पर जमा कराए
पूर्ति विभाग के अनुसार बरामद किए गए सभी 26 घरेलू गैस सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से निकटवर्ती सहकारी गैस सेवा में जमा करा दिया गया है। विभागीय टीम ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जांच टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट और पूर्ति सहायक विजय शामिल रहे। अधिकारियों का कहना है कि घरेलू गैस की कालाबाजारी और अवैध तरीके से गैस निकालने जैसी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।







