आई जी कुमाऊँ द्वारा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित, “देवभूमि का सुरक्षा कवच” अभियान के माध्यम से साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं नशामुक्त उत्तराखण्ड का दिया सन्देश

डॉ. मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में दिनांक 07 अगस्त 2026 को कोतवाली हल्द्वानी के सभागार में श्रीमती निवेदिता कुकरेती (आई.पी.एस.) पुलिस महानिरीक्षक, कुमाऊँ परिक्षेत्र की अध्यक्षता में स्थानीय जनता के साथ जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं, सुझावों एवं शिकायतों को सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के साथ-साथ पुलिस एवं जनता के मध्य आपसी विश्वास, समन्वय एवं सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में पुलिस महानिरीक्षक महोदया द्वारा कोतवाली हल्द्वानी परिसर में गार्द की सलामी ली गई।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र द्वारा पुलिस महानिरीक्षक महोदया को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर जनसंवाद कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का संचालन पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल एवं श्री रेवाधर मठपाल एसपी संचार नैनीताल द्वारा किया गया।

जनसंवाद कार्यक्रम

“देवभूमि का सुरक्षा कवच”* विषय पर पुलिस महानिरीक्षक महोदया द्वारा “देवभूमि का सुरक्षा कवच” विषय पर विस्तृत जानकारी देते हुए नागरिकों को साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा नशामुक्त उत्तराखण्ड अभियान के संबंध में जागरूक किया गया।

प्रमुख बिंदु

साइबर अपराधों की रोकथाम, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, एआई आधारित साइबर अपराध, फर्जी निवेश, डिजिटल अरेस्ट एवं म्यूल अकाउंट जैसे नए अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।

साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन, cybercrime.gov.in पोर्टल एवं Money Restoration Module (MRM) के माध्यम से शिकायत दर्ज कर धनराशि फ्रीज* कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

महिला एवं बाल सुरक्षा के अंतर्गत जीरो एफआईआर, SOS एवं लाइव लोकेशन सुविधा, वन स्टॉप सेंटर (सखी), महिला हेल्पलाइन-181, महिला चीता पुलिस तथा नवीन आपराधिक कानून (BNS/BNSS/BSA) की विस्तृत जानकारी साझा की गई।

बाल संरक्षण के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मिशन वात्सल्य पोर्टल, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) एवं बाल सहायता तंत्र की जानकारी दी गई

सड़क सुरक्षा के अंतर्गत गोल्डन ऑवर, पीएम राहत योजना, राह-वीर (Good Samaritan) योजना, ANPR कैमरे, ई-चालान प्रणाली, ब्लैक स्पॉट सुधार एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

“ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के अंतर्गत ऑपरेशन प्रहार, नशा तस्करों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति, अवैध सम्पत्तियों की जब्ती एवं ध्वस्तीकरण तथा नशा उन्मूलन अभियान में जनसहभागिता पर विशेष बल दिया गया।

नागरिकों से अपील की गई कि नशा तस्करों की सूचना 1800-137-7001 (Dial Against Drugs) अथवा MANAS पोर्टल के माध्यम से गोपनीय रूप से उपलब्ध कराएं।

विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में 112, 181, 1098 एवं 1930 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई तथा संकट की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

आई जी महोदया द्वारा आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशे का कारोबार संचालित हो रहा हो अथवा किसी अपराध की जानकारी हो तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, व्यापार मंडल, सामाजिक संगठनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं स्थानीय सम्भ्रांत नागरिकों ने समाज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं जनहित के मुद्दों से पुलिस महानिरीक्षक महोदया को अवगत कराया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों के सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया तथा *साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं नशामुक्त समाज के निर्माण से संबंधित विषयों पर विशेष रुचि* दिखाई।

जनसंवाद कार्यक्रम में श्री रेवाधर मठपाल एसपी संचार नैनीताल, श्री विमल प्रसाद क्षेत्राधिकारी लालकुआं/हल्द्वानी, श्री विजय मेहता प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी, श्री जसवीर सिंह चौहान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम, श्री दिनेश फर्त्याल प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा, श्री सुशील जोशी प्रभारी निरीक्षक थाना मुखानी, श्री भूपेंश पांडे प्रभारी निरीक्षक यातायात हल्द्वानी, श्री रमेश सिंह नेगी वाचक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, पीआरओ आईजी कुमाऊं, पीआरओ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय सम्भ्रांत नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page