CCTV और सर्विलांस से मिला सुराग, चोरगलिया से हिमाचल तक पुलिस ने खंगाले रास्ते, बेटियों की घर वापसी से परिजनों के चेहरे खिले

नौकरी की तलाश में घर से निकलीं तीन बेटियां, नैनीताल पुलिस ने हिमाचल के बद्दी से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा

नैनीताल महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नैनीताल पुलिस ने चोरगलिया क्षेत्र से गुम हुई तीन बालिकाओं को हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया है।

दिनांक 18.09.2026 को चोरगलिया निवासी शिकायतकर्ता ने सूचना दी कि उनकी दो पुत्रियां सुबह करीब 07:00 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। तलाश करने पर पता चला कि दोनों बालिकाएं स्कूल पहुंची ही नहीं थीं और एक अन्य बालिका भी उनके साथ गई थी। इनमें 02 नाबालिग और 01 बालिग शामिल है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चोरगलिया में तत्काल FIR No. 45/2026, धारा 140(3) BNS के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। जनपद के सभी थानों एवं DCRB नैनीताल को सूचना प्रसारित की गई तथा RT सेट एवं सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक सूचना साझा की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए विशेष पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा एवं SOG प्रभारी मोहन सिंह सोन के नेतृत्व में टीम ने तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने चोरगलिया, हल्द्वानी, काठगोदाम, रुद्रपुर सहित विभिन्न स्थानों के CCTV कैमरों को खंगाला। फुटेज में तीनों बालिकाएं एक साथ अकेले जाते हुए दिखाई दीं। इसके बाद तकनीकी एवं सर्विलांस इनपुट के आधार पर उनकी लोकेशन को लगातार ट्रेस किया गया।

लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 24.09.2026 को पुलिस टीम ने तीनों बालिकाओं को हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे नौकरी की तलाश में घर से बाहर चली गई थीं। जांच में किसी प्रकार की अनहोनी की बात सामने नहीं आई।

बरामदगी के बाद पुलिस ने तीनों बालिकाओं की काउंसलिंग कराई। BNSS की धारा 183 के तहत नाबालिगों को मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान हेतु प्रस्तुत कर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद उन्हें परिजनों को सुपुर्द किया गया।

बेटियों के सकुशल लौटने पर परिजनों के चेहरे खिल उठे। परिजनों ने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्यवाही और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।

बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा, उ0नि0 गौरव जोशी थाना लालकुआं, अ0उ0नि0 मनजीत सिंह थाना चोरगलिया, कानि0 मुस्तफा अंसारी थाना चोरगलिया, कानि0 भूपेन्द्र ज्येष्ठा SOG नैनीताल और म0का0 सुमन राणा थाना चोरगलिया शामिल रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page