हल्द्वानी: विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, युवा नेता संदीप पांडे बने जिला महासचिव, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की जिम्मेदारी

हल्द्वानी। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में जुट गई है। पार्टी लगातार सक्रिय और जमीनी कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंप रही है। इसी क्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने मोटाहल्दू निवासी एवं युवा नेता संदीप पांडे को पार्टी का जिला महासचिव नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक मजबूती की दिशा में कांग्रेस का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
संदीप पांडे लंबे समय से कांग्रेस की नीतियों और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। वह वर्तमान में मोटाहल्दू व्यापार मंडल के अध्यक्ष भी हैं और क्षेत्र में सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, संगठन के लिए निरंतर सक्रियता और जनसंपर्क को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उनकी नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं ने संदीप पांडे को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कांग्रेस का जनाधार बढ़ेगा।
नवनियुक्त जिला महासचिव संदीप पांडे ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, युवाओं और आम लोगों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ना तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना होगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम कर रहे हैं। पार्टी संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस द्वारा संगठन में सक्रिय और जमीनी नेताओं को जिम्मेदारी देना चुनावी रणनीति का हिस्सा है। ऐसे में आने वाले दिनों में संगठन स्तर पर और भी कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां होने की संभावना जताई जा रही है।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page