भीमताल झील के सौंदर्यीकरण को मिलेगी नई पहचान, किनारों पर लगाए जाएंगे बोगनबेलिया के पौधे

विश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम धामी ने किया पौधारोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से दिया संरक्षण का संदेश
नैनीताल/भीमताल, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को भीमताल झील सौंदर्यीकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने भीमताल झील परिक्षेत्र में बोगनबेलिया के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि झीलों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए शुरू किया गया यह अभियान एक अभिनव पहल है, जो भीमताल की प्राकृतिक सुंदरता को और निखारेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री धामी ने अपनी पूज्य माता श्रीमती बिसना देवी के नाम से एक बोगनबेलिया का पौधा रोपित किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ऐसे अभियानों की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराएं और जीवनशैली सदैव प्रकृति के संरक्षण से जुड़ी रही हैं। हमारे लोकपर्व और सामाजिक परंपराएं पर्यावरण संरक्षण के मूल्यों को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि यह दिवस प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और जिम्मेदारी का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि नैनीताल जिला अपनी झीलों के कारण विश्वभर में प्रसिद्ध है और यहां वर्षभर देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। झीलों का संरक्षण और संवर्धन राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से भीमताल झील के किनारों पर बोगनबेलिया सहित फूलों के पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र की सुंदरता में और वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री ने मानसून सत्र में अधिक से अधिक पौधारोपण करने, जल स्रोतों के संरक्षण, नदियों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही यह अभियान सफल हो सकता है।
इस अवसर पर शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भी अपनी स्वर्गीय माता श्रीमती रेवती देवी की स्मृति में पौधारोपण किया।
कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने अपनी माता श्रीमती सावित्री रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अपनी माता उमा देवी रयाल, मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं तेजस्विनी अरविंद पाटील ने अपनी स्वर्गीय माता श्रीमती मीना अरविंद पाटील की स्मृति में, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने अपनी माता श्रीमती नागिन्दी पाण्डे तथा वन संरक्षक नितीश मणि त्रिपाठी ने अपनी माता श्रीमती नीलम मणि त्रिपाठी के नाम से पौधारोपण किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, आईटीबीपी 34वीं बटालियन के कमांडेंट हेमंत कुमार, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, एपीडी चंद्रा फर्त्याल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और प्रकृति प्रेमी मौजूद रहे।







