उत्तराखंड में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट


देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर तीखे तेवर दिखा रहा है। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से मैदानी इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की घटनाओं से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के कुछ दौर अत्यंत तीव्र रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने इन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
पिथौरागढ़-बागेश्वर में भी भारी बारिश की चेतावनी
पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भी रविवार को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर बारिश का दौर अति तीव्र से अत्यंत तीव्र हो सकता है।
इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज से अति तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
बारिश से चार डिग्री तक गिरा तापमान
लगातार बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। देहरादून में तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन लगातार वर्षा के कारण जनजीवन और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
भूस्खलन वाले क्षेत्रों में बढ़ी चिंता
पर्वतीय जिलों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। पहाड़ी मार्गों पर मलबा आने से यातायात प्रभावित हो सकता है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की भी आशंका है। प्रशासन और संबंधित विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की जरूरत है।
मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को नदी, नालों और बरसाती गदेरों के आसपास जाने से बचने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और बेहद जरूरी होने पर ही खराब मौसम में यात्रा करने को कहा गया है।
अगले दो दिन मौसम रहेगा चुनौतीपूर्ण
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिन प्रदेश के लिए मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं। ऐसे में जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बनाए रखने की जरूरत है। भारी बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति में लोगों से प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।







