खड़गे की सभा के बाद कथित फेक वीडियो वायरल, कांग्रेस ने एसपी सिटी को दी तहरीर

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष बोले- वीडियो से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश, दोषियों पर दर्ज हो मुकदमा

हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में हुई जनसभा के बाद सोशल मीडिया पर कथित तौर पर एडिटेड और फर्जी वीडियो वायरल होने का मामला सामने आया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मूल वीडियो की आवाज के साथ छेड़छाड़ कर उसे भ्रामक और आपत्तिजनक तरीके से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। मामले को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से मंगलवार को एसपी सिटी को तहरीर देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और वीडियो तैयार करने व प्रसारित करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता एसपी सिटी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि पिछले तीन दिनों से एक कथित फेक वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर वायरल किया जा रहा है। आरोप है कि वीडियो को एडिट कर मूल आवाज से छेड़छाड़ की गई है और उसे इस तरह प्रस्तुत किया गया है, जिससे लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
भाजपा नेताओं पर भी वीडियो साझा करने का आरोप
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि उक्त वीडियो को भाजपा के कई बड़े नेताओं की ओर से भी सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि वीडियो फर्जी और एडिटेड है तो इसे प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस ने पुलिस से वीडियो की तकनीकी जांच कराने, उसके मूल स्रोत का पता लगाने और इसे सबसे पहले तैयार या प्रसारित करने वाले व्यक्ति की पहचान करने की मांग की है।
‘सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश’
गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि फर्जी वीडियो के माध्यम से समाज में भ्रांति पैदा करने और सांप्रदायिक तनाव का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस तरह की सामग्री से शहर की शांतिपूर्ण फिजा प्रभावित हो सकती है और आम लोगों में डर एवं भय का माहौल पैदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री के प्रसार को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी व्यक्ति या संगठन को शहर का माहौल खराब करने की अनुमति नहीं देगी। वीडियो के प्रसारण और प्रचार पर तत्काल रोक लगाने के साथ ही इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जरूरी है।
निष्पक्ष जांच और मुकदमा दर्ज करने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह पता लगाया जाए कि वीडियो में किस स्तर पर एडिटिंग की गई और इसे सोशल मीडिया पर किसने अपलोड किया। साथ ही वीडियो को साझा कर उसे व्यापक स्तर पर प्रसारित करने वालों की भी भूमिका की जांच की जाए।
गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि शहर की फिजा बिगाड़ने का कोई भी प्रयास सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस से मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page