ड्राइविंग स्कूलों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन: दो को नोटिस, एक केंद्र बंद, कई अनियमितताओं का खुलासा

कुमाऊं मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर शुक्रवार को हल्द्वानी क्षेत्र में संचालित मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों पर प्रशासन ने औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय और सम्भागीय परिवहन अधिकारी गुरूदेव सिंह की संयुक्त टीम ने कई प्रशिक्षण संस्थानों की जांच की, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने देव भूमि मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल और कुमाऊं मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग School का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि कुछ संस्थानों के पास पर्याप्त संसाधन, उपकरण और पार्किंग व्यवस्था तक उपलब्ध नहीं थी, बावजूद इसके प्रशिक्षण प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे थे।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बताया कि देव भूमि मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल और जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में कई अनियमितताएं मिलने पर सम्भागीय परिवहन अधिकारी द्वारा नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, निर्मल मोटर ट्रेनिंग स्कूल का पंजीकरण रामनगर में होने के बावजूद उसका संचालन हल्द्वानी के आरटीओ रोड पर किया जा रहा था। मामले को गंभीर मानते हुए विभागीय कार्रवाई के तहत उक्त प्रशिक्षण केंद्र को अगले आदेश तक बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जब तक इन तीनों प्रशिक्षण संस्थानों में संसाधन, उपकरण और पार्किंग व्यवस्था समेत सभी आवश्यक मानकों की पूर्ति नहीं हो जाती, तब तक उनका संचालन बंद रहेगा।
 कुमाऊं मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी पाया कि देव भूमि और जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों के ऑनलाइन पोर्टल संचालित नहीं हो रहे थे। वहीं, एक व्यक्ति द्वारा ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण के नाम पर फीस जमा कराने की शिकायत पर जांच की गई। जांच में संबंधित संस्थान का लाइसेंस निरस्त पाया गया, जिसके बाद फीस के रूप में लिए गए 1100 रुपये वापस कराए गए।
अपर जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि परिवहन विभाग से जुड़े कार्य सीधे आरटीओ कार्यालय के माध्यम से ही कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी और अनियमितता से बचा जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी हल्द्वानी प्रमोद कुमार, एआरटीओ ए.के. सिंह, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page