सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना अवकाश लेने एवं शासकीय दायित्वों में लापरवाही पर जिला सहायक निबंधक के विरुद्ध कार्रवाई, सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि हेतु शासन को पत्र

नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मानसून सत्र के दौरान शासकीय दायित्वों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया है।

जिलाधिकारी को प्राप्त शिकायत एवं निरीक्षण आख्या में संज्ञान में आया कि विगत मांह तक जिले में कार्यरत (वर्तमान में अन्यत्र स्थानांतरण) जिला सहायक निबंधक, दान सिंह नपलच्याल द्वारा कार्यालय में राजकीय कार्यों का समय पर सम्पादन नहीं किया गया। साथ ही सक्षम स्तर की पूर्व अनुमति के बिना, अवकाश भी लिया गया।

उक्त प्रकरण में जिलाधिकारी द्वारा गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला सहायक निबंधक से स्पष्टीकरण तलब किया गया था। दिए गए प्रतिउत्तर में संबंधित अधिकारी द्वारा सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना अवकाश उपभोग करने की बात स्वीकार की गई है। पत्र में जिला सहकारी बैंक, नैनीताल के सदस्य-सचिव/प्रशासक के अतिरिक्त प्रभार का उल्लेख किया गया है, परंतु माननीय विशिष्ट अतिथियों के जनपद भ्रमण के दौरान कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने के संबंध में भी कोई स्पष्ट तथ्य/कारण प्रस्तुत नहीं किया गया।

जिलाधिकारी ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए इसे सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली-2002 के नियम 3 (1) एवं 3(2) का उल्लंघन माना है। शासकीय कार्यों के प्रति उदासीनता एवं अनुशासनहीनता के दृष्टिगत संबंधित अधिकारी की सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित कराए जाने हेतु शासन को अवगत कराया गया है।

जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि शासकीय कार्यों में शिथिलता एवं बिना अनुमति अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनहित से जुड़े कार्यों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page