उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया


हल्द्वानी, 15 अगस्त 2026। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, देशभक्ति एवं गरिमापूर्ण वातावरण में समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, वृक्षारोपण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण, पत्रिका एवं न्यूज लेटर का विमोचन तथा शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने विश्वविद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व उन वीर बलिदानी सपूतों को नमन करने का दिन है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र देश में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस आत्ममंथन का भी अवसर है, ताकि हम स्वतंत्रता के साथ अपनी जिम्मेदारियों को समझें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडल को बधाई देते हुए कहा कि यह उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षण संस्थान होने के बावजूद विश्वविद्यालय अपने शिक्षार्थियों के साथ निरंतर ऐसे आयोजनों के माध्यम से जुड़ रहा है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा अनेक अग्रणी संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) किए गए हैं, जिनके माध्यम से विश्वविद्यालय विकास एवं प्रगति के नए सोपान तय करेगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने 21वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और निरंतर आगे बढ़ रहा है।
इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के संकल्प के साथ वृक्षारोपण किया गया।
बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगीत एवं वंदेमातरम् की प्रस्तुति से हुआ। इस दौरान वैष्णव जन तो तेने कहिए जे, निकिता कुतलकोटी द्वारा संदेशे आते हैं, महेश कुमार द्वारा झूला गीत, सूरज जोशी द्वारा ओ देश मेरे, तेरी शान से बढ़के तथा योग विभाग के शिक्षार्थियों की विशेष प्रस्तुति सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
प्रो. रेनू प्रकाश ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में इस अवसर पर तीन चरणों में विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं तथा प्रथम एवं द्वितीय चरण में आयोजित कार्यक्रमों का भी संक्षिप्त परिचय दिया।
समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में सोनम गुलाटी, नीरज सिंह एवं दिवाकर खोलिया, मेहंदी प्रतियोगिता में प्रियंका आर्य, मीतू एवं बबली तथा क्विज प्रतियोगिता में हिमांशु पुनेठा, दिग्विजय, सागर उप्रेती, गौरव उपाध्याय, कृतिका त्रिवेदी एवं मानताशा सहित अन्य प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
संगीत कार्यक्रम के प्रतिभागियों संदीप सिंह सोढ़ी एवं महेश चन्द्र सहित अन्य प्रतिभागियों तथा योग विभाग के शिक्षार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
इसी अवसर पर कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ एवं न्यूज लेटर का विमोचन किया।
समाज कार्य विभाग की ओर से शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने दायित्वों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस कार्यक्रम सयोंजन विभाग की समन्वयक डॉ. नीरजा सिंह ने किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. खेमराज भट्ट ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए देश एवं विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता दिलाने वाले वीरों तथा देश की स्वतंत्रता की रक्षा करने वाले सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों, विश्वविद्यालय परिवार एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं शिक्षार्थी उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम देशभक्ति, उत्साह एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से ओत-प्रोत रहा।







