25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत कार्यक्रम में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

जिला स्तरीय कार्यशाला में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विजेता प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत

हल्द्वानी, 30 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को गौरापड़ाव स्थित बी.एल.एम. एकेडमी में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम के तहत नैनीताल जिले के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में 25, 26 और 28 सितंबर को निबंध, चित्रकला तथा भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आयोजकों के अनुसार जिले के करीब 95 प्रतिशत विद्यालयों में प्रतियोगिताएं कराई गईं और विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया।

जिला स्तर की कार्यशाला के लिए चयनित 20 विद्यार्थियों ने निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।

कार्यक्रम संयोजक एवं उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने जिले में कार्यक्रम के तहत अब तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और भविष्य के सपनों को अभिव्यक्त करने का अवसर मिला।

कार्यशाला में बच्चों और अभिभावकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में करीब 800 बच्चे एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक लालकुआं मोहन सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, देवेंद्र ढैला, पेयजल अनुश्रवण समिति के दिनेश आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज साह, नैनीताल जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष रविंद्र रैकूनी, को-ऑपरेटिव डायरेक्टर निश्चल पांडे, वरिष्ठ भाजपा नेता आनंद सिंह धर्मवाल, बी.एल.एम. एकेडमी के संस्थापक-प्रबंधक एवं भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, महिला मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता कल्पना बोरा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष तथा महिला एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच देने के साथ उनके सपनों और आकांक्षाओं को व्यापक स्तर पर सामने लाने का संदेश दिया गया।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page