हल्द्वानी में 24 नवंबर से सजेगा राष्ट्रीय सरस मेला, 250 स्टॉल होंगे आकर्षण का केंद्र

हल्द्वानी। एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला 2026-27 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मेले की सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग, चिकित्सा, अग्निशमन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को उनके दायित्व सौंपते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने मेला स्थल पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। इसमें विद्युत, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, अग्निशमन और वन विभाग समेत प्रमुख विभागों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। अतिथियों के लिए आमंत्रण पत्र एवं ई-कार्ड तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर से पहले मेले से संबंधित सभी टेंडर प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएं। मेले में देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागी शामिल होंगे और करीब 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।

विभागों को मिली जिम्मेदारियां

पुलिस एवं परिवहन विभाग को सुरक्षा और पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था करने तथा जल संस्थान एवं विद्युत विभाग को निर्बाध पेयजल और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

नगर निगम हल्द्वानी को सफाई एवं कचरा प्रबंधन, जबकि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई। मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला सूचना अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मेले की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी और सभी विभागों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समय में पूरे करने होंगे, ताकि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला पंचायतीराज अधिकारी सुरेश बेनी, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रत्यूष कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड हल्द्वानी प्रदीप बिष्ट, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रविशंकर लोसाली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page