हल्द्वानी में स्पा सेंटरों में सघन चेकिंग, रजिस्टर और सत्यापन में लापरवाही पर 6 संचालकों से संयोजन शुल्क
SSP के निर्देश पर AHTU का स्पा सेंटरों पर शिकंजा, 6 सेंटरों पर कार्रवाई, वसूले 30 हजार

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में संचालित स्पा सेंटरों में नियमों और निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) नैनीताल ने हल्द्वानी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

प्रभारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट नैनीताल म0उ0नि0 श्रीमती सुनीता कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हल्द्वानी क्षेत्र के विभिन्न स्पा सेंटरों की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान अभिलेखों और कर्मचारियों के सत्यापन से संबंधित अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

चेकिंग में दो प्रमुख अनियमितताएं सामने आईं। पहला, ग्राहक रजिस्टर में ग्राहकों का पूर्ण विवरण अंकित नहीं किया जा रहा था। दूसरा, स्पा सेंटरों में नियुक्त कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था।
इन अनियमितताओं पर 06 स्पा सेंटरों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए कुल 30,000 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
नैनीताल पुलिस ने सभी स्पा सेंटर संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रतिष्ठान में कार्यरत समस्त कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं और आने वाले ग्राहकों का पूर्ण व सही विवरण निर्धारित रजिस्टर में अंकित करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार मानव तस्करी की रोकथाम और महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा।







