हल्द्वानी: पूर्व DGP बी.डी. खर्कवाल को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई, चित्रशिला घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
उत्तराखंड मूल के वरिष्ठ IPS अधिकारी बी.डी. खर्कवाल का निधन पुलिस जगत के लिए अपूरणीय क्षति: दीपम सेठ

हल्द्वानी। उत्तराखंड मूल के वरिष्ठ IPS अधिकारी एवं असम के पूर्व DGP बी.डी. खर्कवाल का 17 सितंबर 2026 की प्रातः बीमारी के चलते 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ ने उनके निधन पर गहरा दुःख एवं शोक व्यक्त करते हुए इसे पुलिस एवं प्रशासनिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया और शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
स्व. बी.डी. खर्कवाल असम मेघालय कैडर के वर्ष 1959 बैच के IPS अधिकारी थे। वे मूल रूप से उत्तराखंड के निवासी थे तथा सेवानिवृत्ति के उपरांत परिवार के साथ एफ 14, जज फार्म, धान मिल, हल्द्वानी में निवास कर रहे थे। उनका कुमाऊं क्षेत्र एवं हल्द्वानी से लंबे समय से गहरा पारिवारिक एवं प्रशासनिक जुड़ाव रहा। उनके परिवार में पत्नी निर्मला खर्कवाल, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके पुत्र अमिताभ खर्कवाल भारतीय डाक सेवा में महानिदेशक पद से वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
दिवंगत पूर्व DGP के हल्द्वानी स्थित आवास पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान नैनीताल पुलिस, SSB और CRPF द्वारा उन्हें ससम्मान अंतिम सलामी दी गई। उपस्थित अधिकारियों में कमांडेंट SSB 57वीं वाहिनी सितारगंज गंगा सिंह उदावत और डिप्टी कमांडेंट CRPF हल्द्वानी अजय प्रताप सिंह भी शामिल रहे।
एसएसपी नैनीताल ने दिवंगत अधिकारी के पुलिस सेवा में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान का स्मरण करते हुए शोक व्यक्त किया तथा परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। तदोपरांत पार्थिव शरीर को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट ले जाया गया, जहां परिजनों एवं गणमान्यजनों की उपस्थिति में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
स्व. खर्कवाल ने अपने दीर्घ सेवाकाल में पूर्वोत्तर भारत के चुनौतीपूर्ण दौर में महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। नवंबर 1990 में असम में उल्फा उग्रवादियों के विरुद्ध ऑपरेशन बजरंग के दौरान वे गुवाहाटी में केंद्रीय खुफिया अधिकारियों के साथ अभियान से जुड़े प्रमुख अधिकारियों में शामिल रहे। वर्ष 1993-94 में उन्होंने असम के पुलिस महानिदेशक के रूप में सेवाएं दीं। उन्होंने SSB रानीखेत तथा इंटेलिजेंस ब्यूरो नैनीताल में भी सेवाएं दीं और अनेक भावी पुलिस अधिकारियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक अमित सैनी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान, पीआरओ हेमा ऐठानी, एएसआई हरि सिंह SSB ट्रांजिट कैंप हल्द्वानी सहित नैनीताल पुलिस के अधिकारी एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।







