हल्दूचौड़ में श्रमिक कल्याण कैंप का आयोजन, 500 से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को वितरित की गईं हाइजिन किट

हल्दूचौड़, 21 सितंबर 2026। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से हल्दूचौड़ स्थित बैंकट हॉल में श्रमिक कल्याण कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का शुभारंभ लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने उपस्थित श्रमिकों एवं क्षेत्रवासियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थी सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और योजनाओं से संबंधित जानकारी के लिए संबंधित विभाग से संपर्क करें।

कार्यक्रम के दौरान 500 से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को न्यूट्रीशन एजुकेशन एवं हाइजिन किट वितरित की गईं। इसके साथ ही श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच के लिए हेल्थ चेकअप कैंप भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

कैंप में मंडल अध्यक्ष विजय दुमका, सहायक श्रमायुक्त सुनील तिवारी, एसडीएम रेखा कोहली, तहसीलदार ईश्वर सिंह भीमा, श्रम निरीक्षक संजीव कनडारी, विकी पाठक, क्षेत्र पंचायत सदस्य सोनी पंत, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, विनोद भट्ट सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं श्रमिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को उनके लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page