स्वच्छ हल्द्वानी, स्वस्थ हल्द्वानी: वार्ड 50 में घर-घर पहुंचा स्वच्छता जागरूकता अभियान
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के छठे दिन 70 घरों में पहुंची नगर निगम की टीम, कचरा पृथक्करण के लिए किया जागरूक

हल्द्वानी, 23 सितंबर 2026। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026’ के छठे दिन नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से वार्ड संख्या-50 में विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के दिशा-निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान मुकानी क्षेत्र की मित्रापुरम कॉलोनी और दयाल विहार कॉलोनी में लगभग 70 घरों से डोर-टू-डोर संपर्क कर नागरिकों को कचरे के स्रोत पर ही पृथक्करण और उचित निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान में बैंणी सेना एवं नगर निगम की संबंधित टीमों ने घर-घर जाकर नागरिकों को बताया कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कचरे को घर से ही अलग-अलग रखना बेहद महत्वपूर्ण है। टीम ने नागरिकों को SWM Rules-2026 के अनुरूप कचरे के विभिन्न वर्गों और उनके उचित निस्तारण की जानकारी दी।
चार प्रकार के कचरे को अलग रखने की दी जानकारी
गीला कचरा: रसोई से निकलने वाला भोजन, फल-सब्जियों के छिलके, खराब फल-सब्जियां, फूल-पत्तियां आदि को अलग रखने की जानकारी दी गई। इस कचरे का उपयोग जैविक खाद बनाने में किया जा सकता है।
सूखा कचरा: प्लास्टिक, बोतल, कागज, गत्ता, पुराने कपड़े, रबर, कांच एवं धातु आदि को अलग रखने तथा पुनर्चक्रण के लिए भेजने के महत्व के बारे में बताया गया।
सैनिटरी एवं डायपर कचरा: सैनिटरी नैपकिन, डायपर, इनकॉन्टिनेंस पैड, बैंडेज और शरीर के संपर्क में आई रुई आदि को अन्य कचरे से अलग रखने तथा सुरक्षित रूप से पैक करके कचरा संग्रहण वाहन को देने की जानकारी दी गई।
विशेष देखभाल योग्य/हानिकारक कचरा: एक्सपायरी दवाइयां, सीएफएल, ट्यूबलाइट, बैटरियां, पेंट के डिब्बे, रसायनों की बोतलें एवं इलेक्ट्रॉनिक कचरे को सामान्य कचरे से अलग रखने और निर्धारित व्यवस्था के माध्यम से सुरक्षित निस्तारण करने के लिए जागरूक किया गया।
नागरिकों से की गई कचरा अलग-अलग देने की अपील
अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि कचरा संग्रहण वाहन के घर पहुंचने पर सभी प्रकार के कचरे को मिलाकर न दें। घर से ही कचरे का पृथक्करण कर उसे निर्धारित श्रेणी के अनुसार अलग-अलग सौंपें। टीम द्वारा सैनिटरी एवं हानिकारक कचरे की सुरक्षित पैकिंग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सी.एस. टोलिया, बैंणी सेना परियोजना प्रबंधक मनोज नेगी, एसबीएम टीम से मनीष पांडे, पीएमयू टीम से पंकज द्विवेदी सहित वार्ड संख्या-50 की बैंणी सेना टीम मौजूद रही। टीम के सदस्यों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
हर घर की भागीदारी से बनेगा स्वच्छ हल्द्वानी
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि स्रोत पर कचरे का सही पृथक्करण करने से शहर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ पुनर्चक्रण को बढ़ावा मिलता है। जैविक कचरे से खाद तैयार की जा सकती है, जबकि हानिकारक कचरे को अलग रखने से स्वास्थ्य एवं पर्यावरण से जुड़े जोखिमों को कम किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। हर परिवार की सक्रिय भागीदारी ही स्वच्छ एवं स्वस्थ हल्द्वानी की मजबूत नींव है। उन्होंने नागरिकों से घर से ही कचरे का पृथक्करण शुरू करने और स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
नगर निगम के साथ-साथ जनपद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
संदेश: “कचरा अलग करें, जिम्मेदारी निभाएं और स्वच्छ हल्द्वानी बनाएं।”







